मैं उसे लाफिंग कमला कहता हूं, आपने कभी उसे हंसते हुए देखा है? वो पागलों की तरह हंसती है। वो पागल है, झूठी है।”
21 जुलाई को मिशिगन में रैली के दौरान अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ये बात वाइस प्रेसिडेंट कमला हैरिस को लेकर कही थी। तब अटकलें थीं कि डेमोक्रेटिक पार्टी उन्हें राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बना सकती है।
6 अगस्त को डेमोक्रेटिक पार्टी ने ऐसा कर दिया। अब नवंबर में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में ट्रम्प का सामना उसी कमला से होगा जिसे वे क्रेजी कहते हैं।
कमला जिसने एक भारतवंशी महिला के घर जन्म लिया। जिसने अपने बच्चे पैदा करने के बजाय 2 सौतेले बच्चों की परवरिश की। जो अश्वेत होकर अमेरिका की पुरुष प्रधान पॉलिटिक्स में सबसे बड़े पद की दावेदार बनीं। इस स्टोरी में वो लाइफ जर्नी जिसने कमला को कमला बनाया…
कमला का जन्म
भारतवंशी ब्राह्मण मां और जमैकन पिता की संतान
कमला हैरिस का जन्म 20 अक्टूबर 1964 को कैलिफोर्निया के ऑकलैंड में हुआ। वे 2 प्रवासियों के घर जन्मीं थीं। मां श्यामला गोपालन, ग्रेजुएशन के बाद 19 की उम्र में भारत के तमिलनाडु से अमेरिका चली गई थीं।
1958 का ये वो दौर था जब अमेरिका में अश्वेत (ब्लैक्स) अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे थे। यहां उनकी मुलाकात जमैका के लड़के डोनाल्ड हैरिस से हुई। दोनों अश्वेत थे, ऐसे देशों से अमेरिका आए थे जो सालों तक अंग्रेजों के गुलाम रहे।
ये समानताएं उन्हें करीब लाईं और उनमें प्यार हो गया। वे असमानता और रंगभेद के खिलाफ एक साथ प्रदर्शनों में शामिल होने लगे। श्यामला का प्लान था कि वे पढ़ाई कर अपने वतन भारत लौट जाएंगी, पर ऐसा न हो सका। डोनाल्ड के प्यार ने श्यामला को अमेरिका में ही रोक लिया। 1963 में दोनों ने शादी कर ली।
कमला, श्यामला और डोनाल्ड की पहली संतान हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक जब कमला छोटी थीं तो श्यामला और डोनाल्ड उसे पालने में रखकर प्रदर्शनों में ले जाते थे।
कमला के जन्म के 3 साल बाद उनकी बहन माया पैदा हुई। हालांकि, तब तक उनके माता-पिता में मतभेद बढ़ने लगे थे। एक इंटरव्यू में कमला हैरिस ने बताया था कि उनके माता-पिता का रिश्ता तेल और पानी जैसा हो गया था। वे साथ टिक ही नहीं पाते थे।
नतीजा ये हुआ कि दोनों ने शादी के 9 साल बाद 1972 में तलाक ले लिया। इस वक्त कमला सिर्फ 7 साल की थीं। उनकी कस्टडी के लिए मां श्यामला और पिता डोनाल्ड ने कैलिफोर्निया के कोर्ट में लंबी लड़ाई लड़ी। जीत मां की हुई।
कमला के पिता अपनी किताब ‘रिफ्लेक्शन्स ऑफ ए जमैकन फादर’ में लिखते हैं, “उस वक्त कोर्ट का मानना था कि बाप अपने बच्चों की परवरिश नहीं कर सकते। ऊपर से मैं एक अश्वेत बाप था। हमें लेकर सोच थी कि हम अपने बच्चों को नाश्ते में खा जाएंगे। इसके बावजूद मैंने अपने बच्चों का प्यार हासिल करने के लिए कभी कोशिश नहीं छोड़ी।”
तलाक के बाद कमला हैरिस और उनकी बहन की परवरिश मां ने ही की। इसके चलते कमला पर भारतीय संस्कृति का काफी असर है। कमला की मां तमिल ब्राह्मण थीं।
उनका मानना था कि देवियों को पूजने वाली संस्कृति में औरतें मजबूत और साहसी होती हैं। पति से डिवोर्स के बावजूद श्यामला गोपालन ने बेटियों को न सिर्फ भारतीय बल्कि पिता की अफ्रीकी संस्कृति की भी सीख दी।