भारतीय मानक ब्यूरो, देहरादून शाखा कार्यालय की ओर से आज विश्व मानक दिवस के अवसर पर मोहब्बेवाला स्थित एक होटल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “सतत विकास लक्ष्य–7: सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा” पर केंद्रित कार्यक्रम में उद्योग जगत, औद्योगिक संगठनों, ज्वेलरी क्षेत्र तथा BIS के लाइसेंसधारकों सहित 200 से अधिक प्रतिभागियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देहरादून के महापौर श्री सौरभ थपलियाल थे जबकि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की अपर सचिव सुश्री रुचि मोहन रयाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। श्री अनुपम द्विवेदी, संयुक्त निदेशक, उद्योग विभाग सहित इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA), इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड, PHDCCI तथा UIWA के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा को प्रोत्साहित करने, ऊर्जा दक्षता बढ़ाने तथा नवीकरणीय ऊर्जा प्रौद्योगिकी के उपयोग को बढ़ावा देने में भारतीय मानकों की भूमिका के प्रति जागरूकता विकसित करना था। विशेषज्ञों ने स्वच्छ एवं किफायती ऊर्जा से संबंधित विषयों पर विस्तृत प्रस्तुतियां दीं।
श्री हेमंत आड़े, निदेशक एवं प्रमुख, BIS देहरादून शाखा कार्यालय ने भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा अनुपालन प्रक्रियाओं को सरल बनाने, उद्योगों के लिए ईज ऑफ कम्पलाएंस को बढ़ावा देने तथा हॉलमार्किंग व्यवस्था में किए जा रहे नवीनतम सुधारों की जानकारी दी।

