हरिद्वार। महार्षि विद्या मंदिर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योगाभ्यास एवं जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
इस अवसर पर श्रीमती ममता मलिक एवं श्री भूपेंद्र सिंह (पीटीआई) ने योग के विभिन्न आसनों का प्रदर्शन करते हुए उनके लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योग एक ऐसी जीवन पद्धति है जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करती है।
प्रधानाचार्य श्री राजीव त्यागी ने कहा, “योग केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि जीवनभर अपनाने योग्य अनुशासित जीवनशैली है। विद्यार्थियों को छोटी आयु से ही योग के प्रति जागरूक होना चाहिए ताकि वे शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बन सकें।”
कार्यक्रम ने सभी प्रतिभागियों को नियमित योग करने और स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा दी।

