हरिद्वार, 19 जुलाई। महर्षि विद्या मंदिर, हरिद्वार में आयोजित बहुविषयक प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपने अभिनव विचारों और रचनात्मक प्रस्तुतियों से सभी को प्रभावित किया। विभिन्न विषयों के विद्यार्थियों ने समाज, विज्ञान, पर्यावरण और अर्थव्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर आकर्षक मॉडल और प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए।
मुख्य अतिथि डॉ. प्रियंका शर्मा ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और रचनात्मकता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर आयोजित इस प्रकार की प्रदर्शनियां विद्यार्थियों को नई सोच विकसित करने और अपने ज्ञान को व्यवहारिक रूप देने का अवसर प्रदान करती हैं।
प्रधानाचार्य राजीव त्यागी ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना है। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी और अभिभावकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी सफल बनाया।

